पुष्कर राज 2.0-नई टीम के साथ कप्तान धामी की नई पारी की शुरुआत

 

 

- Advertisement -

देहरादून/एच टी ब्रेकिंग डेस्क-चार विधानसभा के कार्यकाल में अपनी 21 साल की उम्र में 11 मुख्यमंत्री देख चुका उत्तराखण्ड एक बार फिर 12वें मुख्यमंत्री के रूप में फिर पुष्कर सिंह धामी को देखेगा। आज पुष्कर राज का फिर से आगाज हो चुका है क्योंकि आज देवभूमि में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का राजतिलक किया गया। देवभूमि के मुखिया ने शपथ ग्रहण की और इस मंच पर देश के बड़े दिग्गज मौजूद रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ,भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह समेत तमाम दिग्गजों की मौजूदगी ने चार चांद लगाए। जहां एक तरफ देवभूमि में देश के दिग्गजों की मौजूदगी में नए मुखिया ने शपथ ली तो वही प्रदेशभर की जनता भी कई उम्मीदों के साथ नई मुखिया के राज तिलक समारोह में शामिल हुई। एक बार फिर से भाजपा ने देवभूमि में सरकार बनाई है और युवा प्रदेश के युवा नेतृत्व पर हाईकमान और जनता ने भरोसा जताया है। धामी की नई पारी फिर शुरू हो गई है।
कम वक्त में काम ज्यादा के साथ युवा प्रदेश के युवा नेतृत्व के रूप में लोकप्रियता हासिल करने वाले पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर से प्रदेश की कमान संभाल चुके हैं। आज प्रदेश के मुखिया के रूप में पुष्कर सिंह धामी ने अपने आठ मंत्रियों के साथ शपथ ग्रहण की। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, त्रिपुरा असम और मणिपुर के मुख्यमंत्रियों के साथ कई दिग्गज मौजूद रहे। इस बार पुष्कर सिंह धामी नए कप्तान के रूप में कमान संभाल रहे हैं तो उनकी टीम में थोड़ा बदलाव नजर आया। उनकी टीम में इस बार सौरभ बहुगुणा, प्रेमचंद्र अग्रवाल, गणेश जोशी और चंदन राम दास जैसे नए खिलाड़ियों की एंट्री हुई तो इस बार कई पुराने खिलाड़ी टीम से बाहर है जिनमें अरविंद पांडे ,बिशन सिंह चुफाल और बंशीधर भगत के नाम शामिल हैं।
पुष्कर सिंह धामी ने अगले 5 साल देवभूमि की जनता के हित और विकास के लिए सभी दिग्गजों की मौजूदगी में संकल्प लिया लेकिन वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस भी अगले चुनाव के लिए और आने वाले वक्त के लिए अपनी जमीन तलाश रही है और मजबूती के लिए ग्रास रूट लेवल से काम करने की कोशिश कर रही है।
बरहाल भारतीय जनता पार्टी देवभूमि में एक बार फिर सरकार बना रही है, कांग्रेस मजबूत विपक्ष के रूप में उभरने की जद्दोजहद कर रही है वही जनता भी कई सारी उम्मीदों के साथ नई सरकार का स्वागत कर रहे हैं। देवभूमि की जनता के कई मुद्दे और काम है जिन्हें अगले 5 सालों में भाजपा को पूरे करने हैं अब देखना यह होगा कि अधूरे पड़े काम इन 5 सालों में पुरे हो पाते हैं,या नहीं। और इसी के साथ ही यह भी देखना होगा कि भाजपा हाईकमान ने पुष्कर सिंह धामी पर जिस तरह भरोसा जताते हुए कमान सौंपी है,उस भरोसे पर खरा उतर पाएंगे, और सवाल यह भी है कि क्या इस कार्यकाल में भाजपा को मुखिया बदलने की जरूरत होगी या नहीं ?

- Advertisement -

Share This Article